

ऋषिकेश
ऋषिकेश में श्यामपुर चौकी क्षेत्र के खदरी खड़कमाफ में रविवार शाम एक दुखद हादसा हो गया। गली में बिजली का तार टूट कर गिर गया। जिसकी चपेट में आने से मां और उसकी तीन वर्षीय मासूम बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने मां बेटी के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए है। घटना में ऊर्जा निगम पर लापरवाही के आरोप लग रहे है। ग्रामीणों ने घटना में लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा भी किया है। एसडीएम ने दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा दिया है। हालांकि हंगामे के दौरान ग्रामीणों ने एसडीएम और ऊर्जा निगम के अधिकारियों को जमकर खरी खोटी सुनाई। पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान 32 वर्षीय सुमन जेठूड़ी और 3 वर्षीय सृष्टि के रूप में हुई है। सुमन के पति हरपाल चाय की दुकान चलाते है। वह खदरी में पंचायत घर के पास पति व अपने तीन बच्चों के साथ किराए पर रहती थीं। रविवार शाम सुमन अपने बेटे सार्थक और बेटी सृष्टि के साथ शिव मंदिर वाली गली में रहने वाली अपनी छोटी बहन रीना पुंडीर के घर गई थीं। शाम को घर वापस लौटते समय गली में अचानक बिजली का तार टूटकर गिर गया। जिसकी चपेट में सुमन और उनकी 3 साल की बेटी सृष्टि आ गईं। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर बिजली विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही लोगों की मदद से एंबुलेंस के जरिए दोनों को तुरंत एम्स ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। लोगों ने घटना में यूपीसीएल की लापरवाही पर भी सवाल खड़े किए है। श्यामपुर चौकी प्रभारी सुमित चौधरी ने बताया कि पुलिस ने जांच और अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
