

ऋषिकेश
भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि के अवसर पर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने कैंप कार्यालय में उन्हें नमन किया। इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने अटल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण भी किया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि अटल जी भारतीय राजनीति के एक ऐसे प्रखर राष्ट्रवादी, उत्कृष्ट वक्ता और संवेदनशील जननेता थे, जिन्होंने अपने दूरदर्शी नेतृत्व, सिद्धांतों और राष्ट्रभक्ति से देश को एक नई दिशा दी। उनके विचार, सुशासन का मॉडल और राष्ट्रसेवा का भाव हर नागरिक के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे। उन्होंने कहा कि अटल जी का पूरा जीवन राष्ट्रहित के लिए समर्पित रहा और उनके कार्यकाल में देश ने वैश्विक स्तर पर अपनी एक मजबूत और अलग पहचान बनाई।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी भाजपा कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से अटल जी के बताए मार्ग पर चलने, राष्ट्र निर्माण में अपना सक्रिय योगदान देने और पर्यावरण संरक्षण हेतु हरित ऋषिकेश का संकल्प लिया।
इस दौरान ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, मंडल महामंत्री दीपक बिष्ट, जिला महामंत्री कौशल बिजलवान, चंदू यादव, राजेंद्र बिजलवान, पूनम डोभाल, पिंकी धस्माना, सुमन रावत, एकांत गोयल, जितेंद्र पाल पाठी, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष अनिरुद्ध शर्मा, दीपक भारद्वाज, हर्ष पाल, चेतन कपरुवान, रवि कुमार और सुमित सेठी सहित कई कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।
