Oplus_16908288


रायवाला
रायवाला थाना क्षेत्र अंतर्गत मोतीचूर फ्लाई ओवर पर एक बेकाबू थार चालक ने सरेराह गुंडागर्दी से वाहन चलाकर बस ड्राइवर को जानलेवा टक्कर मारी है। आरोपी थार चालक ने बीच सड़क पर बस ड्राइवर के ऊपर गाड़ी भी चढ़ा दी और उसे कुछ दूरी तक घसीटता हुआ ले गया। यही नहीं, भागने के चक्कर में आरोपी ने एक अन्य कार को भी जोरदार टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। घायल बस चालक को गंभीर हालत में स्वामी राम हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की वीडियों सोशल मीडिया पर वायरल है। पुलिस और शिकायतकर्ता प्राची शर्मा के मुताबिक 13 अगस्त को स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय, जौलीग्रांट की बस छात्रों और दो महिला स्टाफ को लेकर हरिद्वार छोड़ने के लिए निकली। जब बस नेपाली फार्म के पास पहुंची, तभी एक काले रंग की थार का चालक लगातार बस के आगे-पीछे खतरनाक तरीके से वाहन चलाने लगा। आरोपी की इस हरकत से सहमे बस चालक गुरुमुख ने मोतीचूर फ्लाईओवर के पास थार के आगे अपनी बस रोकी और इस तरह वाहन चलाने का कारण पूछने के लिए नीचे उतरे। जैसे ही ड्राइवर गुरुमुख नीचे उतरे, थार चालक ने बहस के बाद गाड़ी उनके ऊपर चढ़ा दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक गुरुमुख थार के नीचे आकर कुछ दूरी तक घिसटते चले गए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। भागने की हड़बड़ी में आरोपी थार चालक ने मौके पर मौजूद लक्सर निवासी प्रिंस की मारुति सियाज कार को भी जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कोतवाल कमल कुमार ने बताया कि आप चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस वाहन नंबर के आधार पर चालक की पहचान करने के प्रयास में जुड़ गई है जल्दी ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
