

ऋषिकेश
ऋषिकेश में वरिष्ठ नागरिक संगठन द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को ध्यान में रखते हुए नाड़ी विज्ञान एवं योग चिकित्सा शिविर का आयोजन श्री भरत मंदिर झंडा चौक में किया गया। मुख्य चिकित्सक के रूप में उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय हरिद्वार योग विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. लक्ष्मी नारायण जोशी ने अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने नाड़ी परीक्षण और योग चिकित्सा की प्राचीन तकनीकों के माध्यम से मरीजों का इलाज किया। शिविर के दौरानसाइटिका, टेनिस एल्बो, डिस्क समस्या, डिस्क बल्ज, कमर एवं रीढ़ की हड्डी से संबंधित मरीज पहुंचे। शिविर में दर्ज़नों वरिष्ठ नागरिकों एवं अन्य मरीजों ने भाग लेकर स्वास्थ्य लाभ उठाया। उपचार के बाद वर्षों पुरानी पीड़ा से तुरंत आराम पाने वाले कई मरीजों ने अपने अनुभव साझा किए और प्रो. लक्ष्मी नारायण जोशी व आयोजकों का आभार व्यक्त किया। नाड़ी रोग विशेषज्ञ लक्ष्मी नारायण जोशी ने बताया कि नाड़ी रोग चिकित्सा से जटिल बीमारियों का भी आसानी से इलाज किया जा सकता है। वहीं आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी वरिष्ठ नागरिकों के उत्तम स्वास्थ्य के लिए इस प्रकार के योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा शिविरों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा।
