

ऋषिकेश
तीर्थनगरी ऋषिकेश में जब लाखों कांवड़ियों का सैलाब उमड़ा, तो जिले में सुरक्षा के सबसे बड़े ‘बॉस’ यानी देहरादून के पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोभाल खुद ग्राउंड ज़ीरो पर उतर आए। इंद्रमणि बडोनी चौक पर कप्तान साहब ने सिर्फ अधिकारियों से सुरक्षा का फीडबैक लिया बल्कि खाकी की वर्दी के पीछे छिपे इंसानियत के दिल का भी दीदार कराया। एसएसपी डोभाल ने जब खुद आगे बढ़कर कांवड़ियों के गले में फूलों की माला डाली, तो शिवभक्तों की थकान पल भर में काफूर हो गई।

कांवड़ियों ने भी एसएसपी साहब को पलटकर माला पहनाई और तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उत्तराखंड पुलिस का धन्यवाद किया। एसपी ट्रैफिक जितेंद्र चौधरी और एसपी ग्रामीण जया बलूनी के साथ मिलकर कप्तान ने कांवड़ियों को फल, ठंडा-मीठा शरबत और गर्म-गर्म खीर बांटी। सेवा भाव के तुरंत बाद कप्तान अपने एक्शन मोड में दिखे। पूरे मेला क्षेत्र का तूफानी दौरा करते हुए उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि कावड़ियों की सुरक्षा में 1% की भी ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी। दिन-रात पसीना बहा रहे जांबाज पुलिसकर्मियों की पीठ थपथपाते हुए एसएसपी ने ऐलान किया कि मेला खत्म होते ही बेहतर काम करने वालों को प्रशस्ति पत्र से नवाजा जाएगा।

ऋषिकेश में कावड़ मेले की व्यवस्थाओं को देखने पहुंचे पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि सावन की शिवरात्रि यानी कि 11 अगस्त को लेकर पुलिस का मास्टर प्लान तैयार है। वीरभद्र, सोमेश्वर और चन्द्रेश्वर महादेव मंदिर में पुलिस का खड़ा सुरक्षा पहरा रहेगा। सीओ तुषार बोरा और कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट खुद सड़कों पर गश्त करेंगे और क्राउड मैनेजमेंट का मोर्चा संभालेंगे।
