

ऋषिकेश
ऋषिकेश के गंगानगर वार्ड में भारतीय जनता पार्टी का पहली बार कमल खिलाने वाले समाजसेवी एकांत गोयल पर हुई संगठनात्मक कार्रवाई के बाद राजनीति गरमा गई है। रविवार को गंगानगर क्षेत्र के सैकड़ों नागरिक एकजुट होकर एकांत गोयल के आवास पर पहुंचे। क्षेत्रवासियों ने खुले तौर पर उनके प्रति अपना समर्थन जताते हुए हर परिस्थिति में साथ खड़े रहने का ऐलान किया।
”संगठन के लिए समर्पित कार्यकर्ता के साथ अन्याय”
एकांत गोयल के निवास पर आयोजित बैठक में क्षेत्रवासियों ने उनके जनहित में किए गए वर्षों के संघर्षों को याद किया। स्थानीय लोगों ने कहा कि गंगानगर वार्ड में भाजपा को पहली बार ऐतिहासिक जीत दिलाने में एकांत गोयल की मुख्य भूमिका रही। जिससे क्षेत्र में पार्टी संगठन को भारी मजबूती मिली थी।
मुलाकात के दौरान क्षेत्रवासियों ने संगठन द्वारा उनके खिलाफ की गई अनुशासनात्मक कार्रवाई पर गहरा दुख और चिंता व्यक्त की। उपस्थित लोगों ने कहा कि जो कार्यकर्ता रात-दिन जनता की समस्याओं के लिए संघर्ष करता है। उसका मनोबल तोड़ना संगठन हित में नहीं है।
जनहित सर्वोपरि, संगठन के प्रति निष्ठा बरकरार: एकांत गोयल
क्षेत्रवासियों के समर्थन पर आभार व्यक्त करते हुए समाजसेवी एकांत गोयल ने पूरी घटना पर अपना रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि आवारा पशुओं की विकराल समस्या से नगरवासियों को राहत दिलाने के लिए आयोजित सर्वदलीय प्रदर्शन में उनकी मौजूदगी केवल और केवल जनहित के उद्देश्य से थी। यह प्रदर्शन किसी राजनीतिक दल या संगठन के खिलाफ नहीं था, बल्कि ऋषिकेश की एक गंभीर जनसमस्या के समाधान के लिए था। मुझे लगता है कि संगठन के शीर्ष नेतृत्व तक अधूरी या गलत जानकारी पहुंचाई गई है, जिसके आधार पर यह निर्णय लिया गया।

उन्होंने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से अपने निर्णय पर पुनर्विचार करने का विनम्र आग्रह किया। गोयल ने दोहराया कि वे भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा और संगठन का हमेशा सम्मान करते रहे हैं। जब वे सक्षम मंच पर अपने तथ्य रखेंगे, तो संगठन निश्चित रूप से निष्पक्ष न्याय करेगा।
