
देहरादून
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने सुरक्षा के दृष्टिगत बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, 9 जुलाई 2026 (गुरुवार) को जनपद देहरादून के सभी शासकीय, गैर-शासकीय, निजी स्कूलों (कक्षा 1 से 12 तक) और सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
मौसम विभाग ने जारी किया ‘ऑरेंज’ अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) देहरादून और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल (NDMA) द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, 9 जुलाई 2026 को देहरादून जनपद में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने और अत्यंत तीव्र वेग से बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम की इस गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने आपदा न्यूनीकरण (Disaster Mitigation) और बच्चों की सुरक्षा के लिए यह कदम उठाया है।
आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश
जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, देहरादून (डॉ. आशीष चौहान) की ओर से जारी इस आदेश में साफ कहा गया है कि:
जनपद के कक्षा 1 से 12 तक संचालित समस्त शैक्षणिक संस्थान (सरकारी व प्राइवेट) और आंगनबाड़ी केंद्र कल पूरी तरह बंद रहेंगे।
मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे सभी शिक्षण संस्थानों में इस आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराएं।
प्रशासन ने आम जनता और विशेषकर पहाड़ी व नदी-नालों के समीप रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और मौसम खराब होने पर अनावश्यक यात्रा न करने की अपील की है।
