
ऋषिकेश
ऋषिकेश एम्स में आने वाले उत्तराखंड के मरीजों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। स्थानीय विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने आज ऋषिकेश एम्स में विशेष रूप से उत्तराखंड वासियों के लिए बनाए गए ओपीडी पर्चा काउंटर का रिबन काटकर विधिवत उद्घाटन कर दिया है। इस अवसर पर एम्स की डायरेक्टर प्रोफेसर मीनू सिंह समेत संस्थान के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मौके पर प्रेमचंद अग्रवाल ने एम्स की डायरेक्टर प्रोफेसर मीनू सिंह का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एम्स ऋषिकेश में लगातार बढ़ रही मरीजों की भीड़ को देखते हुए उन्होंने निदेशक से उत्तराखंड और ऋषिकेश के लोगों के लिए एक अलग काउंटर खोलने का अनुरोध किया था। उन्होंने बताया कि इसी तर्ज पर जल्द ही जन औषधि केंद्र पर भी उत्तराखंड वासियों के लिए एक अलग से विशेष काउंटर स्थापित किया जाएगा। जिससे स्थानीय लोगों को दवाइयां लेने में भी सुविधा होगी। एम्स में बेड की किल्लत और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े सवाल पर पूर्व मंत्री ने कहा कि एम्स में केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि भारी संख्या में बाहरी राज्यों से भी मरीज इलाज के लिए आते हैं। बेड की कमी को दूर करने के लिए एम्स को 200 एकड़ अतिरिक्त भूमि आवंटित करने का एक प्रस्ताव पहले से ही विचाराधीन है। अग्रवाल ने आश्वासन दिया कि वे इस विषय में मुख्यमंत्री से भी वार्ता कर चुके हैं और आने वाले समय में एम्स को अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
