
ऋषिकेश
ऋषिकेश के समीप तपोवन में रात के समय एक युवती ने भारी हंगामा किया। प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा बनाए गए एक वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवती ने बीच सड़क पर पुलिस प्रशासन द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को पूरी तरह से गिराकर रास्ता ब्लॉक कर दिया, जिससे वहां जाम की स्थिति पैदा हो गई। वीडियो बना रहे व्यक्ति के अनुसार, युवती अत्यधिक नशे की हालत में है। सड़क से गुजर रहे लोगों ने जब उसे समझाने और बैरिकेड हटाने का प्रयास किया, तो उसने सहयोग करने के बजाय उनसे ही उलझना शुरू कर दिया। वीडियो में वह बैरिकेड को आक्रामक रूप से हिलाती और लोगों पर चिल्लाती नजर आ रही है। इस हंगामे के कारण तपोवन मार्ग पर दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से रुक गई। दुपहिया वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने इस पर कड़ी नाराजगी जताई। राहगीरों का कहना है कि युवती किसी की भी बात सुनने को तैयार नहीं थी और लगातार हंगामा खड़ा कर रही थी। तपोवन और ऋषिकेश जैसे क्षेत्रों में देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह का हुड़दंग और नशाखोरी क्षेत्र की शांति और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावित करती है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से ऐसी घटनाओं पर सख्त रुख अपनाने और सार्वजनिक स्थलों पर कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
