
ऋषिकेश
ऋषिकेश के विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने आज अपने ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में पुलिस विभाग के आला अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान क्षेत्राधिकारी तुषार बोरा और नवनियुक्त कोतवाल यशपाल बिष्ट ने विधायक से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान डॉ. अग्रवाल ने क्षेत्र की सुरक्षा, यातायात और कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए। डॉ. अग्रवाल ने विधानसभा क्षेत्र की कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के मद्देनजर और अन्य सामान्य दिनों में भी ऋषिकेश की यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रहनी चाहिए। इसके लिए उन्होंने प्रमुख चौक-चौराहों पर ट्रैफिक प्रबंधन को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए ताकि स्थानीय जनता और तीर्थयात्रियों को जाम से न जूझना पड़े।
नशे के खिलाफ सख्त एक्शन के निर्देश
ऋषिकेश नगर क्षेत्र (ड्राई एरिया) की पवित्रता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विधायक ने अवैध शराब और स्मैक की बिक्री पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में कहा कि क्षेत्र में अवैध रूप से बिक रही शराब और स्मैक के धंधेबाजों पर कड़ी और त्वरित कार्रवाई की जाए। युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को रोकने के लिए पुलिस प्रभावी और सख्त कदम उठाए।
आस्था पथ की गरिमा और सीसीटीवी की निगरानी
विधायक ने ऋषिकेश के सुप्रसिद्ध ‘आस्था पथ’ की गरिमा और सुरक्षा बनाए रखने की बात कही। साथ ही, उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए क्षेत्र में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को हमेशा चालू और सुचारू स्थिति में रखने के निर्देश दिए। विधायक ने बताया कि आमजन की सुरक्षा और उनकी सुविधा मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए प्रशासन और पुलिस के साथ बेहतर तालमेल बिठाकर हर संभव प्रयास किए जाएंगे। क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
