
ऋषिकेश
बढ़ती महंगाई के इस दौर में सामाजिक सुरक्षा पेंशन पर आश्रित लोगों के हक में ऋषिकेश के पार्षदों और स्थानीय नागरिकों ने आवाज बुलंद की है। आज पार्षद अभिनव सिंह मलिक और पार्षद सरोजनी थपलियाल के संयुक्त नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उप जिलाधिकारी ऋषिकेश के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में वृद्धा, विधवा, दिव्यांग और उत्तराखंड आंदोलनकारियों सहित सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारकों की मासिक पेंशन में जल्द से जल्द बढ़ोतरी करने की पुरजोर मांग की गई है। मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में इस बात पर गहरा सरोकार जताया गया कि वर्तमान समय में आसमान छूती महंगाई के कारण पेंशन पर निर्भर रहने वाले बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगों के सामने गहरा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। दैनिक उपयोग की वस्तुएं, राशन, स्वास्थ्य सेवाएं और दवाइयां लगातार महंगी हो रही हैं, जिससे वर्तमान में मिलने वाली पेंशन राशि नाकाफी साबित हो रही है। ऐसे में सरकार को मानवीय संवेदनाओं और जनहित को ध्यान में रखते हुए तुरंत कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने सरकार से कम से कम पेंशन तीन हजार रुपए करने की मांग की है।
नेताओं ने क्या कहा
पार्षद अभिनव सिंह मलिक ने कहा वृद्धजन, निराश्रित महिलाएं, दिव्यांगजन और हमारे उत्तराखंड आंदोलनकारियों का इस समाज और राज्य के निर्माण में अमूल्य योगदान रहा है। इन सम्माननीय लोगों को बुढ़ापे या विपरीत परिस्थितियों में आर्थिक असुरक्षा के साये में जीने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए। सरकार का यह दायित्व है कि वह इनकी पेंशन राशि बढ़ाकर इन्हें एक सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन दे।”

पार्षद सरोजनी थपलियाल ने कहा आज के दौर में जो परिवार पूरी तरह से सामाजिक सुरक्षा पेंशन पर आश्रित हैं, वे बेहद कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे हैं। सरकार को इस गंभीर मुद्दे पर संवेदनशीलता दिखानी चाहिए और बिना किसी देरी के सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।
एडवोकेट आरती ने विचार रखते हुए कहा— “सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की मूल भावना ही कमजोर और जरूरतमंद वर्ग को संबल देना है। मौजूदा हालातों को देखते हुए पेंशन राशि में वृद्धि करना अब समय की सबसे बड़ी मांग बन चुकी है।”
ज्ञापन सौंपने के दौरान भारी संख्या में लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर पार्षदों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर इस मांग का समर्थन किया। ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से अशोक शर्मा, उमेश जोशी, सुनील चमोली, सुनील चौहान, विपिन नेगी, महेंद्र नेगी, सुरेंद्र नेगी, ममता नेगी, रवि राणा, वीरेंद्र चौहान, संगीता नेगी, सीमा रानी, कमला देवी, उषा देवी, रेखा देवी, गीता देवी, संतोष देवी, मीना देवी, पूजा देवी, मनीष कुमार, रोहित कुमार, दीपक सिंह, अनिल कुमार, राजेश कुमार, सुशील कुमार, मयंक पाल और रूपा सहित कई गणमान्य लोग शामिल रहे।
