
देहरादून
उत्तराखण्ड को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और देहरादून पुलिस की संयुक्त टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने थाना पटेलनगर क्षेत्र से अवैध अंग्रेजी शराब का एक बड़ा जखीरा बरामद करते हुए एक ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब पंजाब के मोहाली से तस्करी कर लाई जा रही थी। आज एसटीएफ देहरादून और थाना पटेलनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने पटेलनगर क्षेत्र में एक संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक के भीतर से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। जिसकी पहचान जगजीत सिंह पुत्र हरदीत सिंह, निवासी ग्राम बुडनपुर, थाना बनूर, जिला मोहाली, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में जगजीत सिंह ने कुबूल किया कि वह यह शराब मोहाली से लेकर आया था और इसे देहरादून व आसपास के इलाकों में फुटकर में ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी।
