
ऋषिकेश
देश में बढ़ती जनसंख्या को एक बेहद गंभीर समस्या बताते हुए मेरठ निवासी दिनेश तलवार और उनकी पत्नी दिशा तलवार अपनी देशव्यापी पदयात्रा के तहत ऋषिकेश पहुंचे। यहां उन्होंने लोगों को जनसंख्या नियंत्रण के लिए जागरूक किया और लगातार बढ़ती आबादी पर चिंता व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार से देश में जल्द से जल्द दो बच्चों का कानून लागू करने की मांग की। दिनेश तलवार ने बताया कि वे अब तक देश के 400 से अधिक शहरों में पदयात्रा कर चुके हैं। उनका यह अभियान पिछले 32 वर्षों से निरंतर जारी है। वे जिस भी शहर में जाते हैं वहां के जिला प्रशासन को अपनी मांगों का एक ज्ञापन सौंपते हैं। इसके साथ ही वह प्रधानमंत्री को भी जनसंख्या नियंत्रण के विषय पर रोजाना एक पत्र लिखते हैं।

दिनेश तलवार ने बताया कि वह पिछले 32 सालों से देश के प्रधानमंत्रियों से मिलने का समय मांग रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें समय नहीं मिल सका है। हालांकि, उन्हें उम्मीद है कि वर्तमान प्रधानमंत्री उनसे मुलाकात कर इस गंभीर विषय पर उनकी बात अवश्य सुनेंगे। ऋषिकेश के व्यस्त बाजार में जागरूकता फैला रहे इस दम्पति के पास एक तख्ती भी दिखी। जिस पर 200 करोड़ होगी आबादी की चेतावनी लिखी हुई थी। दिनेश तलवार ने बताया कि लोगों को जागरूक करने और उनका ध्यान आकर्षित करने के लिए वे कई बार सड़कों पर उल्टा यानि कि बैकवर्ड चलते हैं। उनका मानना है कि उल्टे कदम चलकर वे समाज को एक सीधी और सच्ची बात समझाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार तमाम समस्याओं पर अरबों-खरबों रुपये खर्च करती है, लेकिन जनसंख्या नियंत्रण पर कोई विशेष ध्यान नहीं दिया जा रहा है। हम दो हमारे दो और छोटा परिवार सुखी परिवार का नारा अब कहीं खो गया है। भारत की जनसंख्या विश्व में सबसे अधिक होने पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए कोई गर्व की बात नहीं है, बल्कि एक बहुत बड़ी चुनौती है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा लिए गए बड़े फैसलों जैसे धारा 370 को हटाना, राम मंदिर निर्माण और तीन तलाक की समाप्ति की सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने अपील की कि अब समय आ गया है जब सरकार को जनसंख्या वृद्धि जैसी सबसे बड़ी समस्या पर भी एक सख्त कानून बनाना चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि यदि देश में जनसंख्या की समस्या का पूरी तरह समाधान हो जाता है, तो भारत निश्चित रूप से एक बार फिर से सोने की चिड़िया कहलाएगा। इस अभियान के माध्यम से तलवार दम्पति पूरे देश के नागरिकों से एकजुट होकर प्रधानमंत्री से इस कानून को लागू करने की माँग करने की अपील कर रहे हैं।
