
ऋषिकेश
पुलिस ने मुनि की रेती क्षेत्र से स्कूटी चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की गई स्कूटी बरामद कर ली है। कोर्ट के आदेश पर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले में अग्रिम जांच और कार्रवाई शुरू कर दी है। मुनिकीरेती पुलिस के मुताबिक बीती 12 जून को विनोद कुमार निवासी बनखंडी ऋषिकेश ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 जून की रात को रामझूला स्थित चोटीवाला रेस्टोरेंट के पास से उनकी स्कूटी चोरी हो गई है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए क्षेत्र के 80 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी इनपुट और मानवीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस चोरों तक पहुंचने में कामयाब रही। पुलिस टीम ने 13 जून की रात को निर्माणाधीन रेलवे रोड, सुमन पार्क ढालवाला के पास से घेराबंदी कर दो आरोपियों को दबोच लिया। जिनकी निशानदेही पर चोरी की गई स्कूटी बरामद कर ली गई। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने 9 जून की रात को रामझूला क्षेत्र से ही यह स्कूटी चुराई थी। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी सगे भाई हैं। जिनके नाम शिवांश पाल और प्रियांशु पाल है। दोनों आरोपी मूल रूप से मोहल्ला शांतिनगर, थाना मिश्राना, जनपद लखीमपुर खीरी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और वर्तमान में निगम रोड, हरिपुर, थाना सेलाकुई जनपद देहरादून में रह रहे थे। इस सफल खुलासे को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक आशीष शर्मा, उपनिरीक्षक अशोक रावत, मुख्य आरक्षी अजयवीर सिंह, आरक्षी राजीव कुमार, आरक्षी नीरज और आरक्षी कौशल शामिल रहे।
