
ऋषिकेश
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) द्वारा आयोजित सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा का परिणाम घोषित हो चुका है। जिसमें ऋषिकेश की होनहार बेटी शताक्षी शर्मा ने बड़ी सफलता हासिल की है। शताक्षी शर्मा का चयन पुलिस उपाधीक्षक (DSP – गृह विभाग) के पद पर हुआ है। उनकी इस अभूतपूर्व कामयाबी से पूरे ऋषिकेश क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। आयोग द्वारा जारी आधिकारिक चयन परिणाम की सूची के अनुसार, पुलिस उपाधीक्षक (गृह विभाग) पद के लिए चयनित अभ्यर्थियों में शताक्षी शर्मा ने जेनरल/उत्तराखंड महिला श्रेणी के तहत अपनी मजबूत जगह बनाई है।

शताक्षी की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर उनके करीबियों और क्षेत्रवासियों द्वारा उन्हें लगातार बधाई संदेश मिल रहे हैं। विकास अग्रवाल, जयेंद्र रमोला ने सोशल मीडिया पर शताक्षी शर्मा की तस्वीर और रिजल्ट साझा करते हुए लिखा है कि छोटी बहन शताक्षी शर्मा को पुलिस अधीक्षक (DSP) परीक्षा उत्तीर्ण कर ऋषिकेश क्षेत्र का नाम रोशन करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं…. ऋषिकेश को आप पर गर्व है छोटी बहन। इस पोस्ट में राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और विधायक उमेश कुमार को भी टैग करते हुए इस पल को ऋषिकेश के लिए एक बेहद गर्व का क्षण बताया गया है।

आपको बता दें कि उत्तराखंड लोक सेवा आयोग, हरिद्वार द्वारा जारी इस चयन परिणाम के तहत डिप्टी कलेक्टर (कार्मिक एवं सतर्कता विभाग) और पुलिस उपाधीक्षक (गृह विभाग) समेत कई अन्य महत्वपूर्ण पदों के लिए योग्य उम्मीदवारों की मेरिट सूची जारी की गई है। लिखित परीक्षा और उसके बाद आयोजित साक्षात्कार (इंटरव्यू) व शारीरिक/चिकित्सकीय परीक्षण के आधार पर अंतिम रूप से श्रेष्ठ अभ्यर्थियों का चयन किया गया है, जिसमें शताक्षी ने सफलता का परचम लहराया है।
