
ऋषिकेश
ऋषिकेश के मीरा नगर स्थित महेश्वरी गार्डन्स में आज ओम ब्रह्म शांति सेवा संस्थान लखनऊ के तत्वावधान में एक भव्य स्वास्थ्य शिविर, आंगनवाड़ी शिशु वस्त्र वितरण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों नागरिकों, महिलाओं और बच्चों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
प्रकृति और समाज का आदर करके ही शतायु जीवन संभव’
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. डी. के. श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा, “समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना ही सच्ची मानव सेवा है। आयुर्वेद न केवल उपचार की विधा है, बल्कि यह जीवन जीने की एक वैज्ञानिक पद्धति है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रकृति, परिवार और समाज को आदर व स्नेह देकर ही हम शतायु जीवन प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने स्वस्थ मन के लिए समुचित निद्रा को आवश्यक बताते हुए ‘जल्दी सोने और जल्दी जागने’ के नियम को सफल व आनंदित जीवन की कुंजी बताया।

सशक्त देश के निर्माण के लिए सहयोग जरूरी: कुसुम कंडवाल
विशिष्ट अतिथि और महिला आयोग की अध्यक्षा श्रीमती कुसुम कंडवाल ने आयोजकों को इस पुनीत कार्य के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा, आज के दौर में समाज को स्वास्थ्य, शिक्षा और संरक्षण के क्षेत्र में आगे आकर सहयोग करना नितांत आवश्यक है। इस प्रकार के शिविर समाज में एकरूपता लाते हैं, जिससे अंततः एक सशक्त देश का निर्माण होता है।
नर सेवा ही नारायण सेवा
कार्यक्रम के संरक्षक सचिव डी. सी. श्रीवास्तव ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि नर सेवा ही वास्तव में नारायण सेवा है। उन्होंने प्रसन्नता जताते हुए कहा, यह हमारा सौभाग्य है कि हम लाभार्थियों के साथ मिलकर समाज को एक नए सोपान की तरफ ले जा रहे हैं। आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को सहयोग और मार्गदर्शन करने का यह क्षण हमें हमारे सामाजिक कर्तव्यों की याद दिलाता है।

नि:शुल्क चिकित्सा परामर्श और सामग्री वितरण
शिविर में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित डॉ. विनय प्रभारी, राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय, रायवाला एवं डॉ. लक्ष्मण सिंह प्रभारी, राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सक, ऋषिकेश ने मरीजों का परीक्षण कर निःशुल्क परामर्श प्रदान किया। स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ आंगनवाड़ी के नन्हे-मुन्ने बच्चों को वस्त्र, मोजे, पेंसिल बॉक्स, बिस्किट और चॉकलेट वितरित किए गए। इसके अलावा, समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को भी मंच पर सम्मानित किया गया। सुबह पंजीकरण के साथ शुरू हुआ यह शिविर देर शाम तक सुचारू रूप से चला। संस्था के आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी जनहित और समाज कल्याण से जुड़े ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
