
ऋषिकेश
नगर निगम ऋषिकेश क्षेत्र अंतर्गत शिवाजीनगर क्षेत्र के मेन रोड किनारे बसे निवासियों को जल्द ही जलभराव की समस्या से बड़ी राहत मिलने जा रही है। वार्ड संख्या 26 में विकास कार्यों को गति देते हुए आज नाले में ह्यूमन पाइप लाइन बिछाने के कार्य का शुभारंभ किया गया है। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि महापौर शंभू पासवान, नगर आयुक्त गोपालराम बिनवाल, पार्षद सुरेंद्र नेगी, अभिनव सिंह मलिक और अन्य पार्षदों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर और नारियल तोड़कर किया है। शहरी विकास विभाग, उत्तराखण्ड के अंतर्गत नगर निगम द्वारा स्वीकृत इस योजना के तहत वार्ड नंबर 26, गली नंबर 2 से लेकर एम्स बाउंड्री तक ह्यूमन पाइप बिछाने का कार्य किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण निर्माण कार्य की अनुमानित लागत 35.33 लाख है। कार्यस्थल पर आयोजित इस शिलान्यास कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों का भारी उत्साह देखने को मिला। क्षेत्र में लंबे समय से प्रतीक्षित इस विकास कार्य की शुरुआत होने पर क्षेत्रीय जनता ने खुशी जाहिर की है। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय निवासियों और पार्षदों द्वारा महापौर शंभू पासवान का फूल-मालाएं पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर जोरदार स्वागत व अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए महापौर शंभू पासवान ने कहा कि ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड का सर्वांगीण विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यदायी संस्था को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर और पूरी पारदर्शिता व उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। पार्षद सुरेंद्र नेगी ने महापौर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस ह्यूम पाइप लाइन के बिछने से क्षेत्र में जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा। जिससे स्थानीय निवासियों को विशेषकर मानसून के दौरान होने वाली दिक्कतों से निजात मिलेगी। मौके पर नगर निगम के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
