
ऋषिकेश
क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आपसी विवाद में शांति भंग करने और मरने-मारने पर उतारू दो अधेड़ उम्र के युवकों को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक मामला 23 मई 2026 की देर रात लगभग 12:25 बजे का है। कोतवाली ऋषिकेश के मुख्य गेट पर दो व्यक्ति आपस में बुरी तरह झगड़ रहे थे। शोर-शराबा सुनकर थाने पर तैनात रात्रि अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को समझाने और शांत रहने का प्रयास किया, लेकिन दोनों ही युवक अत्यधिक नशे में थे और एक-दूसरे की जान लेने पर आमादा थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए दोनों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों आरोपियों पर वैधानिक कार्रवाई करते हुए चालान किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अजय उर्फ लाला निवासी नन्दू फार्म ऋषिकेश और संजय निवासी गोविन्दनगर झुग्गी झोपड़ी, ऋषिकेश है। कोतवाली प्रभारी ने साफ संदेश दिया है कि क्षेत्र में हुड़दंग करने, नशा करके शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी अराजक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।
