
रायवाला
रायवाला पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाने और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने बीती रात वैदिकनगर क्षेत्र से हुड़दंग मचाते हुए 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में जानकारी देते हुए रायवाला थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस प्रियव्रत जोशी ने बताया कि 22 मई की रात को पुलिस को सूचना मिली कि वैदिकनगर क्षेत्र में कुछ लोग आपस में उग्र होकर झगड़ा कर रहे हैं। जिससे वहां किसी गंभीर संज्ञेय अपराध के घटित होने की आशंका बनी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बिना वक्त गंवाए तत्काल मौके पर पहुंची। मौके पर दो पक्षों के बीच तीखी बहस और झगड़ा चल रहा था। पुलिस कर्मियों ने जब दोनों पक्षों को समझाने और शांत कराने का प्रयास किया, तो वे और अधिक उग्र हो गए। माहौल बिगड़ता देख और किसी बड़े अपराध को रोकने के उद्देश्य से पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके से दोनों पक्षों के 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। जिनके खिलाफ पुलिस अग्रिम कार्रवाई कर रही है। हुड़दंगियों पर नकेल कसने वाली इस टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक मनवर सिंह नेगी, महिला उप निरीक्षक मीनू यादव, महिला उप निरीक्षक ज्योति शर्मा, हेड कांस्टेबल प्रवीण सिन्धू, कांस्टेबल धर्मालाल और कांस्टेबल मुकेश चौहान शामिल रहे। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थलों पर शांति व्यवस्था भंग करने और हुड़दंग मचाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
