
मुनिकीरेती
ऋषिकेश के निकट मुनिकीरेती थाना पुलिस ने एक कार से अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। इस मामले की जानकारी देते हुए कोतवाल प्रदीप चौहान ने बताया कि बीती रात पुलिस को तपोवन क्षेत्र में दो वाहनों के आपस में टकराने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में शामिल एक सेंट्रो कार की जब पुलिस ने गहन तलाशी ली, तो गाड़ी के भीतर से एक अवैध तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से ही कार चालक को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पारस पंवार बताया। आरोपी वर्तमान में प्रतीत नगर थाना रायवाला में रहता है और मूल रूप से रेशम माजरी, डोईवाला का निवासी है। अवैध हथियार बरामद होने के बाद मुनिकीरेती पुलिस ने आरोपी पारस पंवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। इस घटना के बाद एसएसपी श्वेता चौबे का कड़ा संदेश सामने आया है। उन्होंने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था को बिगाड़ने वाले तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। अवैध हथियारों की तस्करी और अपराध करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
