
ऋषिकेश
तीर्थनगरी ऋषिकेश के आईडीपीएल क्षेत्र में आज सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों का सामना एक हाथी से हो गया। आबादी वाले क्षेत्र के नजदीक मुख्य सड़क पर हाथी को देखकर लोगों के होश उड़ गए और वहां हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोज की तरह आज सुबह भी लोग आईडीपीएल क्षेत्र में टहलने निकले थे। इसी दौरान अचानक जंगल की तरफ से एक हाथी सड़क पर आ धमका। हाथी को इतने करीब देखकर लोगों में डर का माहौल बन गया और कुछ लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। गनीमत यह रही कि हाथी हमलावर मूड में नहीं था। उसने किसी को कोई नुकसान नहीं पहुँचाया। कुछ देर तक सड़क पर चहलकदमी करने के बाद, गजराज शांति से सड़क पार कर वापस जंगल की ओर लौट गए। तब जाकर स्थानीय लोगों और मॉर्निंग वॉकर्स ने राहत की सांस ली। स्थानीय निवासियों का कहना है कि आईडीपीएल का यह इलाका राजाजी नेशनल पार्क के जंगल से सटा होने के कारण अक्सर यहाँ वन्यजीवों की आवाजाही बनी रहती है। लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि सुबह और शाम के समय इस मार्ग पर गश्त बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
