
ऋषिकेश
तीर्थनगरी ऋषिकेश के श्री गोपाल मंदिर में इस वर्ष भी श्री पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर अखंड जप महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। यह महायज्ञ पुजारी पं. बद्रीनारायण मिश्र के सान्निध्य में जनकल्याण और भगवत प्राप्ति के संकल्प के साथ संपन्न होगा। महायज्ञ के दौरान श्रद्धालु निरंतर महामंत्र “हरे राम हरे राम, राम राम हरे हरे। हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे॥” का जाप करेंगे। कार्यक्रम इस प्रकार होंगे। 17 मई प्रात बजे पंचांग पूजन, कलश पूजन एवं अखंड ज्योति प्रज्ज्वलन के साथ जप का शुभारंभ। 17 जून, प्रातः 8 बजे अरुण मंथन, अग्नि पूजन एवं हवन का प्रारंभ। प्रात 11 बजे महायज्ञ की पूर्णाहुति, आरती एवं प्रसाद वितरण। 18 जून दोपहर 12 बजे 108 ब्राह्मण भोजन एवं विशाल भंडारा। श्री गोपाल मंदिर के पंडित जगमोहन मिश्रा ‘भानु’ ने जानकारी दी कि इस धार्मिक अनुष्ठान में श्री कृष्ण संकीर्तन मंडल, महिला संकीर्तन मंडल, अखिल भारतीय श्री राधामाधव संकीर्तन मंडल, ऋषिकेश का विशेष सहयोग रहेगा। आयोजकों ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे परिवार सहित इस दिव्य आयोजन में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ अर्जित करें।
