
ऋषिकेश
अनुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों की सीख देने के उद्देश्य से गुमानीवाला स्थित राजश्री चिल्ड्रन एकेडमी, रुषाफार्म में नवनिर्वाचित छात्र-संसद के पदाधिकारियों का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पार्षद वीरेंद्र रमोला ने किया। उन्होंने निर्वाचित प्रतिनिधियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कर्तव्यनिष्ठा के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित भी किया। पुरुषोत्तम बिजल्वान ने छात्र-संसद के महत्व पर प्रकाश डाला और विद्यालय को भविष्य में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। पार्षद राजेश कोठियाल और राष्ट्रीय सेवा समिति की नगर कार्यवाहीका रिचा ने बच्चों का मनोबल बढ़ाया।

विद्यालय के निदेशक राजेन्द्र प्रसाद पाण्डेय ने अनुशासन बनाए रखने में छात्र-संसद की भूमिका को रेखांकित किया। प्रधानाचार्य योगेश्वर प्रसाद सेमवाल ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि हाल ही में छात्र संसद के हुए शत-प्रतिशत मतदान के बाद प्रधानमंत्री अक्षत आर्य, उप प्रधानमंत्री अनुज रावत, सेनापति अनुग्रह मठियाल, सहायक सेनापति स्वराज महर, सांस्कृतिक प्रमुख सिमरन नौटियाल सहायक सांस्कृतिक प्रमुख ने जिम्मेदारी संभाली है। उप-प्रधानाचार्य मोहन सिंह नेगी और चुनाव कार्यकारिणी अध्यक्ष विक्रम वर्मा ने सभी पदाधिकारियों को निष्ठापूर्वक कार्य करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ और विद्यार्थी मौजूद रहे। समारोह का समापन वंदे मातरम के गान के साथ हुआ।
