
ऋषिकेश
लक्ष्मणझूला थाना क्षेत्र अंतर्गत भागीरथी घाट पर गंगा में डूबे 20 वर्षीय छात्र हर्षित उपाध्याय का शव एसडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया है। पिछले तीन दिनों से टीम नदी के तेज बहाव और गहरी धाराओं के बीच सर्च ऑपरेशन चला रही थी। मामले की जानकारी देते हुए एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर कविंद्र सजवान ने बताया कि बीती 9 मई 2026 को अल्मोड़ा के भिकियासैंण निवासी हर्षित उपाध्याय पुत्र श्री नंद किशोर उपाध्याय अपने साथियों के साथ भागीरथी घाट आए थे। नहाने के दौरान अचानक पैर फिसलने या तेज बहाव की चपेट में आने के कारण हर्षित गंगा नदी में ओझल हो गए थे। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुँचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया था। पिछले तीन दिनों से लापता छात्र की तलाश में गहन अभियान चलाया जा रहा था। गंगा का जलस्तर और तेज बहाव सर्चिंग में बाधा बन रहे थे, लेकिन टीम ने हार नहीं मानी। एसडीआरएफ के गोताखोरों ने आधुनिक उपकरणों की मदद से गंगा की गहराई में खोजबीन की। संभावित स्थानों और भंवर वाले क्षेत्रों में निरंतर खोजबीन की गई।

लगातार प्रयासों के बाद 12 मई को एसडीआरएफ टीम को भागीरथी घाट के समीप ही छात्र का शव बरामद किया गया। बताया कि गंगा की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद टीम ने निरंतर सर्चिंग जारी रखी। अब शव को बरामद कर आवश्यक कार्यवाही के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। जिला पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। इस दुखद घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
