
ऋषिकेश
तीर्थनगरी के रेलवे स्टेशन मार्ग स्थित डीजीबीआर चौक पर बीते सोमवार (11 मई) को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसकी चपेट में आने से ट्रैक्टर पर सवार 12 वर्षीय बालक की मौके पर ही दबकर मौत हो गई। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब चालक बेहद तेज गति से ट्रैक्टर चला रहा था। डीजीबीआर चौक के पास संतुलन बिगड़ने के कारण ट्रैक्टर अचानक सड़क पर पलट गया। हादसे के वक्त ट्रैक्टर पर मौजूद बालक गौतम (12 वर्ष), निवासी गोविंद नगर झुग्गी-झोपड़ी, भारी वाहन के नीचे दब गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद बालक के शव को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक की मां सोमा की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक कार्तिक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि 11 मई को स्थानीय लोगों द्वारा हादसे की सूचना मिली थी। प्रथम दृष्टया चालक की लापरवाही सामने आई है। आरोपी कार्तिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस जांच में जुट गई है। परिजनों ने बताया कि चालक कार्तिक, बालक गौतम को अपने साथ लेकर गया था। मासूम की मौत के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस से आरोपी चालक की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
