
ऋषिकेश
टिहरी गढ़वाल में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बछेलीखाल के निकट एक चलती हुई टैक्सी में अचानक भीषण आग लग गई। हालांकि, चालक की सूझबूझ और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते वाहन में सवार सभी 6 यात्रियों और चालक को सुरक्षित बचा लिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब 5:50 बजे की है। 07 सीटर टैक्सी (Renault Triber) संख्या UK13TA-1558 रुद्रप्रयाग के सोनप्रयाग से ऋषिकेश की ओर जा रही थी। वाहन को उमेश प्रसाद (उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम कुणजेठी, रुद्रप्रयाग) चला रहे थे।
बछेलीखाल के पास अचानक वाहन का क्लच और एक्सीलेटर काम करना बंद कर दिया और इंजन के पास से धुआं निकलने लगा। खतरे को भांपते हुए चालक ने तुरंत गाड़ी को रोका और सभी छह यात्रियों को बाहर निकाल लिया। इसके कुछ ही पलों में वाहन आग की लपटों में घिर गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी बछेलीखाल के प्रभारी एसआई दीपक लिंगवाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वाहन के फ्यूल टैंक में विस्फोट की आशंका के मद्देनजर पुलिस ने एहतियात के तौर पर सड़क के दोनों ओर का यातायात तुरंत रोक दिया। फायर सर्विस नरेंद्रनगर को सूचित किया गया और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने के प्रयास किए गए। आग का प्रभाव कम होने के बाद सुरक्षित यात्रियों को अन्य वाहनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
वाहन के स्वामी, आयुष सिंह (निवासी बाराह मल्ला, रुद्रप्रयाग) को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस और चालक की सक्रियता के कारण एक बड़ा हादसा टलने से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
