
रुद्रप्रयाग
गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय और आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप की अध्यक्षता में रुद्रप्रयाग के जिला कार्यालय सभागार में केदारनाथ धाम यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा के दौरान स्वच्छता, सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। निर्णय लिया गया कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रात्रि 10 बजे से सुबह 4 बजे तक यात्रा मार्ग पर यात्री वाहनों और पैदल आवागमन को पूर्णत प्रतिबंधित रहेगा। स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में वीआईपी दर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी। यात्रा से जुड़ी अफवाहों और भ्रामक खबरों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।

केदारनाथ धाम में फायर ऑडिट और अग्नि सुरक्षा उपकरणों की खरीद के लिए पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग को 5 लाख की धनराशि आवंटित की गई है। 18 किलोमीटर के पैदल मार्ग पर शौचालयों की नियमित सफाई के लिए चौबीसों घंटे सफाई कर्मियों और पर्यावरण मित्रों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। सेक्टर मजिस्ट्रेट द्वारा शौचालयों की रैंडम चेकिंग की जाएगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के आधार पर सुरक्षा को देखते हुए यात्रा को 2 से 3 घंटे के लिए रोका जा सकता है। हेली सेवाओं में केवल निर्धारित दरों पर ही टिकट बेचे जाएंगे। मनमाने तरीके से वसूली करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल ने तुना-बौंठा मोटर मार्ग के डामरीकरण, तुंगनाथ-चोपता में पार्किंग निर्माण और प्रमुख मंदिर मार्गों पर साइन बोर्ड लगाने की मांग की, जिस पर जिलाधिकारी ने एक सप्ताह में साइन बोर्ड लगाने का आश्वासन दिया। बैठक में विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
