
ऋषिकेश
उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित अंतर्राष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. डी.के. श्रीवास्तव को अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित प्रतिष्ठित आयुर्वेद केंद्रों द्वारा विशेष कार्यशालाओं के लिए आमंत्रित किया गया है। यह आमंत्रण भारतीय प्राचीन ज्ञान और आधुनिक विज्ञान के समन्वय को वैश्विक स्तर पर मान्यता दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी में रहेगा कार्यक्रम
अपनी आगामी अमेरिका यात्रा के दौरान, डॉ. श्रीवास्तव 5 मई 2026 से 18 मई 2026 तक न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी में रहेंगे। इस दौरान वे निम्नलिखित प्रमुख कार्यक्रमों का संचालन करेंगे। लाइफस्टाइल डिज़ीज़ में आयुर्वेद की भूमिका’ और ‘आधुनिक विज्ञान और प्राचीन आयुर्वेदिक ज्ञान का समन्वय’ विषयों पर होगी चर्चा।
आधुनिक जीवनशैली की बीमारियों पर होगा फोकस
डॉ. श्रीवास्तव का यह दौरा जीवनशैली से जुड़ी आधुनिक बीमारियों, जैसे डायबिटीज़, मोटापा, तनाव और हृदय रोग जैसी समस्याओं के समाधान के लिए आयुर्वेद की वैज्ञानिक और व्यावहारिक उपयोगिता को वैश्विक समुदाय के समक्ष रखने के लिए है।
डॉ. श्रीवास्तव के महत्वपूर्ण विचार
इस अवसर पर डॉ. डी.के. श्रीवास्तव ने आयुर्वेद के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि विश्व को आज दवाओं से अधिक जीवनशैली में सुधार की आवश्यकता है। आयुर्वेद रोगों को दबाने नहीं, बल्कि उनकी जड़ को समझकर स्वास्थ्य प्रदान करता है—यही इसकी वैश्विक प्रासंगिकता है। कहा कि यह यात्रा उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धि से बढ़कर भारतीय संस्कृति और स्वास्थ्य-दृष्टि को वैश्विक मंच पर सम्मानपूर्वक प्रस्तुत करने का एक शानदार अवसर है।
