
मुनिकीरेती (शिवपुरी)
उत्तराखंड पुलिस द्वारा चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत मुनि की रेती पुलिस ने नशे में वाहन चलाने और सार्वजनिक स्थान पर उत्पात मचाने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। बुधवार को चौकी शिवपुरी पुलिस ने चेकिंग के दौरान हरियाणा नंबर की एक कार को सीज करते हुए उसमें सवार 4 युवकों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देशन में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान, शिवपुरी चौकी पुलिस ने हरियाणा नंबर की एक टाटा पंच कार को रोककर उसकी जांच की। कार में चालक सहित कुल चार युवक सवार मिले। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि वाहन चालक अत्यधिक नशे की हालत में है। कार में सवार अन्य युवक सार्वजनिक मार्ग पर शोर-शराबा कर हुड़दंग मचा रहे है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन चालक गजेंद्र के विरुद्ध चालान किया और कार को मौके पर ही सीज कर शिवपुरी चौकी परिसर में खड़ा कर दिया। कार में सवार अन्य तीन युवकों को शांति भंग और उत्पात मचाने के आरोप में पुलिस अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों का विवरण:
नीटू (पुत्र बलजीत) – निवासी सोनीपत, हरियाणा।
सुंदर (पुत्र ओमप्रकाश) – निवासी खरखौदा, सोनीपत, हरियाणा।
हरविंदर (पुत्र हरिकिशन) – निवासी खरखौदा, सोनीपत, हरियाणा।
गजेंद्र (पुत्र बलवान सिंह) – वाहन चालक, निवासी सोनीपत, हरियाणा।
पुलिस की अपील
टिहरी गढ़वाल पुलिस ने आमजन और पर्यटकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें। पुलिस ने चेतावनी दी कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानूनी अपराध है, बल्कि यह जानलेवा भी हो सकता है। सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे तत्वों के खिलाफ भविष्य में भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस टीम में शामिल सदस्य:
इस सफल कार्रवाई में उप निरीक्षक विनोद कुमार, हेड कांस्टेबल अजय राज, हेड कांस्टेबल माया सिंह और होमगार्ड गोपाल सिंह शामिल रहे।
