
ऋषिकेश
तीर्थनगरी के नटराज-श्यामपुर बाईपास मार्ग पर आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब यूपी नंबर की एक लावारिस कार के भीतर एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। पुलिस जांच में मृतक की शिनाख्त 40 वर्षीय विनीत डोभाल निवासी श्यामपुर बैटरी फार्म गली नंबर 11 के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार, विनीत नोएडा की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर था। हालांकि, उसने हाल ही में नौकरी छोड़ी हुई थी और घर आया हुआ था। परिजनों ने बताया कि 26 अप्रैल की सुबह विनीत यह कहकर घर से निकला था कि वह नई नौकरी जॉइन करने जा रहा है। इसके बाद से ही उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसआई शैलेंद्र ममगाई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स को भी बुलाया गया। जिन्होंने कार और आसपास के क्षेत्र से नमूने एकत्र किए। पुलिस के अनुसार, वह कार 26 अप्रैल से ही सड़क किनारे संदिग्ध हालत में खड़ी देखी गई थी। परिजनों ने यह भी स्वीकार किया है कि विनीत लंबे समय से नशे का आदी था। विनीत अपने तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी मौत की खबर से घर में कोहराम मच गया है। वह अपने पीछे पत्नी, एक 10 साल का बेटा और 8 साल की बेटी को बिलखता छोड़ गया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल, पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है।
