
मुनिकीरेती
ऋषिकेश के निकट नीम बीच तपोवन पर आज एक बड़ा हादसा टल गया। मुनिकीरेती पुलिस और आपदा राहत दल की मुस्तैदी के कारण गंगा के तेज बहाव में बहे एक पर्यटक को सुरक्षित बचा लिया गया है। मुनिकीरेती के इंस्पेक्टर प्रदीप चौहान ने बताया कि आज पुणे महाराष्ट्र से तीन दोस्त तपोवन क्षेत्र में घूमने आए थे। गर्मी से राहत पाने के लिए तीनों दोस्त नीम बीच पर गंगा स्नान करने लगे। इसी दौरान अचानक जलस्तर और लहरों के तेज बहाव के कारण इनमें से एक युवक अपना संतुलन खो बैठा और गहरे पानी की ओर बहने लगा। युवक को डूबता देख घाट पर मौजूद अन्य पर्यटकों और उसके दोस्तों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। घाट पर सुरक्षा की दृष्टि से तैनात आपदा राहत दल के कर्मचारियों ने बिना समय गंवाए तत्काल हरकत में आते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
टीम ने साहस का परिचय देते हुए युवक को गंगा की उफनती लहरों के बीच से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू किए गए व्यक्ति की पहचान नितेश साह के रूप में हुई है। इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन में आपदा राहत दल के राजेश नेगी, सुनील चौहान, सतवीर बिष्ट, मोहित गुसाईं शामिल रहे। नया जीवन मिलने पर नितेश साह और उनके साथियों ने उत्तराखंड पुलिस व आपदा राहत दल के जवानों का तहे दिल से धन्यवाद किया। स्थानीय प्रशासन ने एक बार फिर पर्यटकों से अपील की है कि वे गंगा के किनारे सावधानी बरतें और केवल चिह्नित सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करें।
