
ऋषिकेश
तपोवन बाईपास रोड पर विट्ठल आश्रम के समीप एक भीषण सड़क हादसे में ट्रक और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिन्हें उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना बीती रात लगभग 10:30 बजे की है। जानकारी के अनुसार एक ट्रक ब्रह्मानंद मोड़ से तपोवन तिराहे की ओर आ रहा था। इसी दौरान तपोवन की ओर से आ रही बाइक से विट्ठल आश्रम के पास उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक सड़क पर पलट गया और बाइक उसके नीचे दब गई। गनीमत रही की बाइक सवार दोनों टक्कर लगते ही छिटक कर दूर गिर गए।

राहगीर की सूचना पर भद्रकाली चौकी प्रभारी राजेंद्र रावत पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उठाया और सरकारी अस्पताल भिजवाया। जिनकी पहचान 38 वर्षीय कपिल गहलोत निवासी देहरादून और 38 वर्षीय सुमित नायक निवासी जलालाबाद शामली उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद सड़क पर पलटे ट्रक के कारण यातायात बाधित हो गया था। पुलिस ने क्रेन और हाइड्रा मंगवाकर ट्रक को सीधा करवाया और सड़क किनारे खड़ा किया। वर्तमान में दोनों वाहनों को भद्रकाली चौकी में खड़ा कराया गया है और मार्ग पर यातायात पूरी तरह सामान्य है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
