
ऋषिकेश
17 अप्रैल की रात श्यामपुर क्षेत्र में रेलवे पटरी पर हुई एक व्यक्ति (बैंक मैनेजर) की मौत के मामले में पुलिस ने स्थिति साफ कर दी है। सीओ ऋषिकेश, नीरज सेमवाल ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि शुरुआती जांच और साक्ष्यों के आधार पर यह हत्या नहीं, बल्कि आत्महत्या का मामला है। उन्होंने बताया कि 17 अप्रैल को रात करीब 10:05 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया है। मृतक की पहचान वीरेंद्र बेलवाल के रूप में हुई थी। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी और पुलिस को इस संबंध में एक प्रार्थना पत्र भी सौंपा था। परिजनों के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मामले की गहनता से जांच की। ट्रेन के ड्राइवर की रिपोर्ट के अनुसार, वीरेंद्र अचानक पटरी पर आ गए थे। ड्राइवर ने उन्हें हटाने के लिए कई बार हॉर्न भी बजाया, लेकिन वे पटरी से नहीं हटे। पुलिस को घटना के समय की सीसीटीवी फुटेज भी मिली है। फुटेज में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि वीरेंद्र स्वयं रेलवे पटरी पर जाकर लेट गए। पोस्टमार्टम और अन्य फोरेंसिक जांच में भी किसी अन्य बाहरी बल या संदिग्ध गतिविधि के प्रमाण नहीं मिले हैं। सीओ ऋषिकेश ने स्पष्ट किया कि लोको पायलट की रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यह पूरी तरह से आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। पुलिस ने परिजनों द्वारा लगाए गए हत्या के संदेह को खारिज करते हुए मामले की फाइल को इसी दिशा में आगे बढ़ाया है।
