
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के कल प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को देखते हुए देहरादून जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए डीएम सविन बंसल और SSP प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने डोईवाला से लेकर हरिद्वार सीमा तक के सुरक्षा घेरे और व्यवस्थाओं का गहन स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि गृहमंत्री के अल्प विश्राम और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक के लिए रायवाला स्थित होटल गॉडविन को केंद्र बनाया गया है। इस दौरान होटल प्रबंधन को तत्काल फायर सेफ्टी ऑडिट कराने और विद्युत विभाग को बैकअप जेनसेट तैयार रखने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग और विद्युत विभाग से आज शाम तक सभी आवश्यक सेफ्टी सर्टिफिकेट प्रस्तुत करने को कहा। लिफ्ट, एयर कंडीशनिंग, ग्रीन रूम और मीटिंग हॉल की कार्यक्षमता को परखा गया ताकि प्रोटोकॉल में कोई कमी न रहे। प्रशासन ने न केवल कार्यक्रम स्थल बल्कि होटल तक जाने वाले संपर्क मार्ग पर भी पैनी नजर रखी है।

डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि संपर्क मार्ग पर सुरक्षा और यातायात नियंत्रण सुदृढ़ हो। पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित किया जाए ताकि आम जनता को असुविधा न हो। पूरे रूट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। बता दे कि कल शनिवार को गृहमंत्री अमित शाह हरिद्वार में पिछले चार वर्षों के दौरान उत्तराखंड में हुए विकास कार्यों और आगामी योजनाओं की समीक्षा करेंगे। इस अवसर पर राज्य सरकार की उपलब्धियों को दर्शाने वाली एक विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी।
