
मुनिकीरेती
नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत टिहरी पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोहों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना मुनि की रेती पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे दो शातिर नशा तस्करों को उनके आवास से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में एक महिला भी शामिल है, जिसका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। मुनिकीरेती पुलिस के अनुसार गोपाल जायसवाल उर्फ गोपाली और रेखा साहनी ने मिलकर एक संगठित गिरोह बना रखा था। यह गिरोह अपने आर्थिक और भौतिक लाभ के लिए ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में स्मैक जैसे घातक मादक पदार्थों की तस्करी करता है। बीती 3 फरवरी 2026 को इनके विरुद्ध थाना मुनि की रेती में धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। टिहरी एसएसपी आयुष अग्रवाल के निर्देशानुसार गठित टीम ने दबिश देकर दोनों को चंद्रेश्वर नगर ऋषिकेश से धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए दोनों अभियुक्तों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड पुलिस की मुस्तैदी की पुष्टि करता है। इंस्पेक्टर प्रदीप चौहान ने बताया कि रेखा साहनी पर एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम और मारपीट के कुल 16 मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार में सक्रिय रही है। गोपाल जायसवाल उर्फ गोपाली पर एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम के कुल 7 मुकदमे दर्ज हैं। बताया कि नशा तस्करी के माध्यम से समाज को खोखला करने वाले अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। गैंगस्टर एक्ट के तहत की गई इस कार्रवाई से नशा माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश करने के बाद कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। आरोपियों को पकड़ने वाली टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक योगेश चन्द्र पांडेय, उप निरीक्षक सचिन पुंडीर, अपर उप निरीक्षक लक्ष्मी पंत, आदेश शर्मा, कौशल राठौर, नीरज धारीवाल, राजीव आशा रावत आदि शामिल रहे।
