
कोटद्वार
अब इंसानियत को शर्मसार और बाप बेटी के पवित्र रिश्ते को तार-तार करने वाली बड़ी खबर उत्तराखंड के कोटद्वार से सामने आई है। जहां सौतेले पिता ने अपनी हवस की भूख मिटाने के लिए 13 साल की नाबालिग बेटी को ही शिकार बना दिया। पिता की क्रूरता का शिकार हुई बेटी डर की वजह से घर छोड़कर फरार हो गई और सीधे अपने नाना नानी के घर पहुंच गई। यहां शर्म की वजह से पीड़िता ने नाना नानी को अपना दर्द नहीं बताया। बेटी घर से लापता हुई तो मां बेटी को तलाशने के लिए मदद की गुहार लेकर पुलिस के पास पहुंची। पुलिस की तलाश में बेटी जब बरामद हुई तो सौतेले पिता की क्रूरता और उसके वहशीपन की कहानी खुलकर समाज के सामने आई। बेटी के साथ अन्याय हुआ तो मां भी अपने पति के खिलाफ चुप नहीं बैठी और पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। फिलहाल पुलिस ने सौतेले पिता को गिरफ्तार कर कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया है। मामले में पुलिस ने अग्रिम जांच और कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित बेटी ने सौतेले पिता के बारे में पुलिस को खुलकर बताया तो अधिकारी भी दंग रह गए। पुलिस का दावा है कि आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए गहन विवेचना की जा रही है। फिलहाल इस खबर ने उत्तराखंड राज्य वासियों को झकझोर कर रख दिया है। सोशल मीडिया पर यह खबर तेजी से फैल रही है और हर तरफ आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की जा रही है। पीड़िता के सम्मान की रक्षा करने के लिए आरोपी सौतेले पिता का नाम पता उजागर नहीं किया जा रहा है।
