
ऋषिकेश
उत्तराखंड में ज्वलंत मुद्दों को लेकर सियासत एक बार फिर गरमाने वाली है। आगामी 16 फरवरी को कांग्रेस देहरादून में विशाल रैली निकालकर राजभवन का घेराव करने जा रही है। इस शक्ति प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने मोर्चा संभाल लिया है। इसी सिलसिले में प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत ऋषिकेश पहुंचे। हरक सिंह रावत ने ऋषिकेश में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और राजभवन घेराव की रणनीति पर विचार-विमर्श किया। बैठक के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने धामी सरकार पर जमकर प्रहार किए। रावत ने स्पष्ट किया कि 16 फरवरी को राज्य के कोने-कोने से हजारों कांग्रेसी देहरादून पहुंचकर सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे। प्रेस वार्ता के दौरान हरक सिंह रावत ने सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। आरोप लगाया कि प्रदेश में हत्या के मामले बढ़ रहे हैं और सरकार भ्रष्टाचार व खनन के जरिए धन जुटाने में व्यस्त है। उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पुलिस अब सरकार के लिए अवैध वसूली गैंग की तरह काम कर रही है और आबकारी विभाग टेबल के नीचे से रकम इकट्ठा कर सरकार की तिजोरी भर रहा है। महिला उत्पीड़न और बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार जवाबदेही से बच रही है। हरक सिंह रावत ने ऋषिकेश के स्थानीय मुद्दे को भी जोर-शोर से उठाया। कहा कि बापू ग्राम क्षेत्र में हजारों लोगों को कोर्ट के आदेश का हवाला देकर उजाड़ने की तैयारी की जा रही है। जिसे कांग्रेस कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।
