
पौड़ी।
विकासखंड पाबौ की ग्राम पंचायत खंडूली के ओडली गांव के समीप जंगल में घास काटने गई एक महिला पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को ग्राम पंचायत खंडूली निवासी जगदीश की पत्नी ज्योति छह–सात अन्य महिलाओं के साथ ओडली गांव के पास जंगल में घास काटने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों से अचानक निकले भालू ने एक ज्योति पर हमला कर दिया। महिलाओं के शोर मचाने पर भालू जंगल की ओर भाग गया, लेकिन तब तक ज्योति गंभीर रूप से घायल हो गई।
ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाबौ पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया गया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज सिंह ने बताया कि भालू के हमले में महिला को सिर, चेहरे और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। बेहतर उपचार के लिए महिला को रांसी स्टेडियम पौड़ी से एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजा गया है।
ग्राम प्रधान खंडूली ठाकुर सिंह ने बताया कि घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। उन्होंने वन विभाग से प्रभावित परिवार को शीघ्र मुआवजा देने और क्षेत्र में भालू की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है।
उधर, जिला पंचायत सदस्य भरत रावत ने बताया कि गंभीर रूप से घायल महिला को समय पर एयरलिफ्ट किए जाने से उसकी जान बच सकी। उन्होंने इस त्वरित कार्रवाई के लिए प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का आभार जताया।
इस संबंध में एसडीओ गढ़वाल वन प्रभाग पौड़ी आयशा बिष्ट ने बताया कि भालू के हमले के बाद क्षेत्र में वन विभाग की टीम गश्त कर रही है। प्रभावित इलाके में जल्द ही पांच कैमरा ट्रैप लगाए जाएंगे। साथ ही पीड़िता को शासन के मानकों के अनुसार शीघ्र मुआवजा दिया जाएगा।
