ऋषिकेश
चन्द्रेश्वर नगर क्षेत्र में विवाद के दौरान युवक पर जानलेवा हमला करने वाले नामजद आरोपी को ऋषिकेश पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त फोल्डिंग चाकू भी बरामद किया है। कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक नवीन जोशी ने बताया कि स्वाति सिंह ने कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया कि 4 अक्टूबर की रात गली में ही रहने वाले अर्पित ने जान से मारने की नियत से उनके भाई योगेश सिंह पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल योगेश को सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एम्स रेफर कर दिया। तहरीर के आधार पर आरोपी अर्पित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। आज मुखबिर की सूचना पर चन्द्रेश्वर नगर स्थित हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी कर आरोपी अर्पित को धर दबोचा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त फोल्डिंग चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी अर्पित ने स्वीकार किया कि योगेश और उसके दोस्तों के साथ उसका झगड़ा हो गया था। इसी दौरान गुस्से में आकर उसने योगेश पर चाकू से हमला कर दिया था।
