ऋषिकेश
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की प्राथमिकताओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ऋषिकेश स्थित आंगनबाड़ी केंद्र चंद्रभागा में ‘आंगन का मिलन… सेवा संकल्प’ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय महिलाओं को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी एवं महिला हितैषी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्री सुनीता पोखरियाल ने उपस्थित महिलाओं एवं समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से ‘प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना’ (PMMVY) और ‘मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना’ के लाभों, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से समझाया।
सुनीता पोखरियाल ने बताया कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और गर्भवती व धात्री महिलाओं को पोषण सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से ये योजनाएं अत्यंत कारगर साबित हो रही हैं। उन्होंने समुदाय की महिलाओं से अपील की कि वे इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अन्य पात्र महिलाओं को भी जागरूक करें।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं ने भाग लिया और योजनाओं से जुड़े अपने सवालों व शंकाओं का समाधान भी पाया।
