ऋषिकेश
सुभाष बनखंडी श्री रामलीला कमेटी इस वर्ष रामचरितमानस पर आधारित रामलीला मंचन की 66वीं पुनरावृत्ति का आयोजन करने जा रही है। 7 अक्टूबर से शुरू होकर 21 अक्टूबर तक चलने वाले इस 15 दिवसीय भव्य आयोजन की तैयारियों को लेकर कमेटी के पदाधिकारियों ने रामलीला ग्राउंड स्थित कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। कमेटी के अध्यक्ष अशोक थापा, महामंत्री योगेश कालरा और कोषाध्यक्ष रणवीर सिंह ने आगामी रामलीला के प्रमुख आकर्षणों और तैयारियों की विस्तृत जानकारी साझा की। बताया कि इस बार दर्शकों को रामलीला का मंचन बिल्कुल नए और अत्याधुनिक रूप में देखने को मिलेगा। पूरा मंच और बैकड्रॉप पर्दे की जगह एलईडी स्क्रीन से सुसज्जित रहेगा। साथ ही दर्शकों के बैठने के लिए पूरे क्षेत्र को कवर्ड किया गया है। विगत वर्षों के सापेक्ष राम लीला के शुरू होने का समय भी बेहद जल्दी रहेगा। 66 वर्षों के इतिहास में इस बार पहली बार महिलाओं को विशेष जिम्मेदारी दी गई है। सारिका त्यागी के नेतृत्व में लगभग 20 महिलाओं का एक विशेष महिला मंडल दल गठित किया गया है। जो रामलीला के कार्यों और व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग देगा। इस बार महिलाओं के पात्रों का अभिनय महिलाएं ही करेंगी। रामलीला मंचन में 7-8 साल के छोटे बच्चों से लेकर 87 साल के वरिष्ठ नागरिक अपनी अदाकारी दिखाएंगे। 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चे छोटे राम व लक्ष्मण का किरदार निभाएंगे, वहीं 87 वर्षीय बुजुर्ग जटायु की भूमिका में नजर आएंगे। देश-विदेश में बैठे श्रद्धालु इस रामलीला को लाइव देख सकेंगे। फेसबुक, यूट्यूब और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया माध्यमों पर पूरे मंचन का वर्ल्डवाइड लाइव प्रसारण किया जाएगा। कमेटी से जुड़े हरिराम अरोड़ा, जितेंद्र पाल, अभिनव पाल आदि ने ऋषिकेश की जनता से इस सांस्कृतिक व धार्मिक उत्सव को सफल बनाने की अपील की है।
