ऋषिकेश
लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन द्वारा सामाजिक एवं सांस्कृतिक सरोकारों के तहत रामा पैलेस ऋषिकेश में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय संख्या 8, मनीराम मार्ग के सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को नि:शुल्क फिल्म हनुमान अंश दिखाई गई।
इस अवसर पर क्लब के संस्थापक ललित मोहन मिश्र ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले अधिकांश बच्चे सिनेमाहॉल आकर फिल्में देखने में असमर्थ होते हैं। इसके कारण वे कई बार ज्ञानवर्धक सामग्री और सनातन संस्कृति के संतों की सिद्धियों से अनभिज्ञ रह जाते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस प्रकार की पौराणिक और आध्यात्मिक फिल्मों से आज की युवा पीढ़ी को हमारे सिद्ध संतों, संस्कृति और महान मूल्यों के बारे में जानने व समझने का बेहतरीन अवसर मिलता है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए क्लब द्वारा बच्चों के लिए इस विशेष शो का आयोजन किया गया।

सिनेमाहॉल में जाकर फिल्म देखने को लेकर स्कूली बच्चों में भारी उत्साह देखने को मिला। फिल्म देखने के बाद बच्चों और शिक्षकों ने क्लब की इस पहल की सराहना की।
इस कार्यक्रम के दौरान क्लब के अध्यक्ष शिवम अग्रवाल, सचिव अक्षत चौहान, कोषाध्यक्ष कमल नारंग, महेश किंगर, विकास ग्रोवर, विनोद बिष्ट तथा विनीत चावला सहित कई अन्य सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
