
ऋषिकेश
ऋषिकेश के पास ढालवाला क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक तीन दुकानों में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि आसपास के लोग दहशत में आ गए। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटों पर काबू पाना मुश्किल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही ऋषिकेश फायर विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए नरेंद्र नगर से भी फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया। दोनों टीमों ने मिलकर करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।

हालांकि, जब तक आग बुझाई गई, तब तक तीनों दुकानें जलकर पूरी तरह खाक हो चुकी थीं। एफएलएम राकेश ममगाई के अनुसार इस घटना में राजेश निवासी गुमानी वाला की वाहन डेंट-पेंट की दुकान, प्रद्युमन निवासी सर्वहारा नगर की सीट कवर की दुकान, शीशराम निवासी शीशम झाड़ी मोटर मैकेनिक की दुकान जलकर खाक हो गई है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस घटना में करीब 15 लाख रुपये के माल और संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई गई है। बताया जा रहा है कि दुकानों के ठीक पीछे एक कंस्ट्रक्शन साइट पर वेल्डिंग का काम चल रहा था। आशंका है कि वेल्डिंग की चिंगारी उड़कर दुकान की छत पर जा गिरी। छत पर पुराने सीट कवर रखे हुए थे, जिन्होंने तुरंत आग पकड़ ली और कुछ ही देर में पूरी दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
