
ऋषिकेश
ऋषिकेश कोतवाली पुलिस और मुनिकीरेती सीआईयू की टीम ने एक संयुक्त ऑपरेशन में बड़ी सफलता हासिल करते हुए खूंखार अपराधी राजा साहनी को गिरफ्तार किया है। राजा साहनी पिछले साल उड़ीसा की हाई-सिक्योरिटी चौद्वार जेल कटक से दीवार फांदकर फरार हुआ था। जिसके बाद से वह पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था। ऋषिकेश पुलिस के मुताबिक आज सुबह उड़ीसा पुलिस के उप-निरीक्षक शंकर सेन प्रधान और कांस्टेबल सत्यव्रत दास ने ऋषिकेश के प्रभारी निरीक्षक से संपर्क कर सूचना दी कि जेल तोड़कर फरार हुआ अपराधी क्षेत्र में देखा गया है। मुखबिर से मिली पुख्ता जानकारी के अनुसार, राजा साहनी एक गोल्डन रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में कुछ लोगों के साथ ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट इलाके में मौजूद है। सूचना मिलते ही ऋषिकेश पुलिस और एस.ओ.जी की टीम ने जाल बिछाया। टीम ने नटराज चौक की ओर से आ रही संदिग्ध कार को सुमन पार्क से करीब 100 मीटर पहले रोक लिया। कार की पिछली सीट पर एक महिला के साथ बैठे व्यक्ति की पहचान उड़ीसा पुलिस ने राजा साहनी के रूप में की। वह लोहिया नगर बेगूसराय बिहार का रहने वाला है। मामले का खुलासा करते हुए सीओ नीरज सेमवाल ने बताया कि राजा साहनी और उसका साथी 2 अक्टूबर 2025 को दशहरा उत्सव का फायदा उठाकर कटक की चौद्वार जेल से फरार हुए थे। उन्होंने चादरों की रस्सी बनाकर जेल की ऊंची दीवार फांदी थीं। इस घटना के बाद उड़ीसा पुलिस ने उस पर 1 लाख रुपये का ईनाम घोषित किया था। वह हत्या और लूट जैसे कई गंभीर मामलों में वांछित है। गिरफ्तारी के समय कार में राजा साहनी के साथ एक महिला और दो अन्य पुरुष भी सवार थे। पुलिस सभी को थाने ले आई है और उनसे पूछताछ की। उड़ीसा पुलिस अब आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर वापस उड़ीसा ले जाने की तैयारी कर रही है।
