
ऋषिकेश
उत्तराखंड में दिव्यांगों की सेवा के लिए समर्पित नीरजा देवभूमि चैरिटेबल ट्रस्ट ने समाज सेवा की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। ट्रस्ट द्वारा ऋषिकेश के मायाकुंड स्थित सामुदायिक भवन में एक आधुनिक फिजियोथैरेपी सेंटर का विधिवत शुभारंभ किया गया है। इसी के साथ थेरेपी सेंटर में लगाई गई उत्तराखंड की पहली ट्रेडमिल मशीन का लोकार्पण भी किया गया है। सेंटर का उद्घाटन मुख्य अतिथि महापौर शंभू पासवान, एम्स के डॉ. राजकुमार यादव और अनीता रानी कंसल ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर किया। अतिथियों ने केंद्र में स्थापित आधुनिक मशीनों का निरीक्षण किया और ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना की। ट्रस्ट की अध्यक्ष नीरजा गोयल और उनके सहयोगी नूपुर गोयल ने बताया कि गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए फिजियोथैरेपी पूरी तरह निशुल्क रहेगी। मरीज सुबह से दोपहर तक किसी भी समय आकर अपना इलाज करा सकते हैं। सेंटर में फिजियोथैरेपी से जुड़ी विभिन्न प्रकार की अत्याधुनिक मशीनें लगाई गई हैं। आर्थिक रूप से सक्षम मरीज मात्र 50 रुपये प्रतिदिन का न्यूनतम दान देकर संस्था के इस सेवा कार्य में अपना सहयोग दे सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान महापौर शंभू पासवान ने कहा कि यह फिजियोथैरेपी सेंटर क्षेत्र के गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने संचालिका नीरजा गोयल के सेवा भाव की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधा पहुँचाने का यह प्रयास अनुकरणीय है। इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे और ट्रस्ट की इस नई सेवा को क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया।
