
रायवाला
रायवाला कोतवाली क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो कुख्यात चोरों को गिरफ्तार किया है। जबकि एक किशोर को भी संरक्षण में लिया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से चोरी की गई नगदी बरामद कर ली गई है। रायवाला कोतवाली प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस प्रियव्रत जोशी ने बताया कि ठाकुरपुर निवासी अनिशा रावत के घर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात हुई थी। तहरीर मिलने पर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज किया और चोरों को गिरफ्तार करने के प्रयास शुरू किये। इसी कड़ी में रेलवे अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने तीन संदिग्धों को भागते हुए देखा और उन्हें दबोच लिया। पूछताछ करने पर आरोपियों ने क्षेत्र में चोरी करने की घटना को कबूल किया। आरोपियों की पहचान अभिषेक थापा और रोहन थापा के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे नशे के आदी हैं और अपनी नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए ही उन्होंने बंद घरों को निशाना बनाना शुरू किया। उनके पास से करीब साड़े नो हजार रुपये नगद बरामद हुए हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि पकड़े गए दोनों आरोपी पहले भी कई बार जेल जा चुके हैं। अभिषेक के खिलाफ रायवाला थाने में चोरी और नकबजनी के 4 मुकदमे दर्ज हैं। रोहन थापा: इसके खिलाफ रायवाला और ऋषिकेश थाने में चोरी के 5 मामले दर्ज हैं।
