
ऋषिकेश
तीर्थनगरी ऋषिकेश में राजस्थानी संस्कृति और परंपराओं का संगम होने जा रहा है। राजस्थानी सेवा समिति ऋषिकेश द्वारा आगामी 30 मार्च को 77वें राजस्थान दिवस के अवसर पर एक भव्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है। समिति द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, यह उत्सव आशीर्वाद वाटिका, हरिद्वार रोड, ऋषिकेश में आयोजित होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 4 बजे से होगा। जिसमें राजस्थानी समाज के साथ-साथ शहर के गणमान्य लोग भी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कई आईएएस और आईपीएस अफसरों के शामिल होने की भी उम्मीद है। समारोह को यादगार बनाने के लिए कई विशेष कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। जिसमे राजस्थान की समृद्ध विरासत को दर्शाते हुए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने अतिथियों से आग्रह किया है कि यदि संभव हो, तो वे राजस्थानी स्टाइल में शिरकत करें, ताकि कार्यक्रम में पारंपरिक रंग पूरी तरह से नजर आएं। मेहमानों के लिए खास तौर पर राजस्थान के प्रसिद्ध व्यंजन दाल, बाटी और चूरमा का प्रबंध किया गया है। राजस्थानी सेवा समिति ने सभी प्रबुद्ध जनों को इस उत्सव में सादर आमंत्रित किया है। गौरतलब है कि राजस्थान दिवस हर साल राजस्थान राज्य के स्थापना दिवस के रूप में मनाया जाता है और ऋषिकेश में रह रहे राजस्थानी मूल के लोग इसे अपनी जड़ों से जुड़े रहने के एक उत्सव के रूप में मनाते हैं।
