
ऋषिकेश
मोबाइल की स्क्रीन पर दिखाई दे रही इस वीडियो को जरा गौर से देखिए। यह दिल दहलाने वाली वीडियो पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो रही है। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि ऋषिकेश के पास शिवपुरी में ‘रॉकेट बंजी’ राइड के दौरान एक लड़की की गर्दन की हड्डी टूटने से मौत हो गई है। इस खबर के फैलते ही एडवेंचर स्पोर्ट्स के शौकीनों और पर्यटकों के बीच दहशत का माहौल है। हालांकि, अब इस मामले की सच्चाई सामने आ गई है। पुलिस के मुताबिक यह वीडियो पूरी तरह भ्रामक है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जनपद टिहरी के पुलिस कप्तान आयुष अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि यह वीडियो जनपद टिहरी के शिवपुरी क्षेत्र का कतई नहीं है। सोशल मीडिया पर इसे गलत और भ्रामक तरीके से प्रचारित किया जा रहा है। पुलिस इस वीडियो के मूल स्रोत और असलियत का पता लगाने में जुटी हुई है। हैरानी की बात यह है कि इसी वीडियो को कुछ लोग राजस्थान के माउंट आबू का बताकर भी शेयर कर रहे हैं। अभी तक इस वीडियो की वास्तविक लोकेशन की पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन उत्तराखंड पुलिस ने साफ कर दिया है कि ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में ऐसी कोई घटना घटित नहीं हुई है। लोग बिना पुष्टि के किसी भी वीडियो को फॉरवर्ड न करें। इससे केवल अफवाह फैलाती है और पर्यटन पर बुरा असर पड़ता है। सोशल मीडिया पर सनसनी फैलाने के लिए अक्सर पुराने या बाहरी वीडियो को स्थानीय जगह का बताकर पेश किया जाता है। ऋषिकेश के शिवपुरी में एडवेंचर एक्टिविटीज पूरी सुरक्षा मानकों के साथ संचालित की जा रही हैं। पुलिस का कहना है कि किसी भी ऐसी खबर पर विश्वास करने से पहले आधिकारिक सूत्रों की जांच करें। अफवाह फैलाने वाले वीडियो या संदेशों को आगे साझा न करें। साइबर सुरक्षा और कानून का पालन करें।
