
देहरादून
उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स की कुमाऊं यूनिट और पंतनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने आरटीओ कार्यालय के बाहर वाहन स्वामियों से अवैध वसूली व धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी अलग-अलग वाहनों में लैपटॉप और प्रिंटर रखकर फर्जीवाड़े का नेटवर्क चला रहे थे। मौके से 75 आरसी, 7 ड्राइविंग लाइसेंस और 19 फॉर्म समेत भारी मात्रा में दस्तावेज व उपकरण बरामद किए गए हैं। मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि एसटीएफ को सूचना मिली कि रुद्रपुर स्थित आरटीओ कार्यालय के पास दो वाहनों में बैठे लोग आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस व अन्य काम कराने के नाम पर वाहन स्वामियों को सरकारी शुल्क की सही जानकारी न देकर मनमानी रकम वसूल रहे हैं। सूचना पर एसटीएफ कुमाऊं यूनिट और पंतनगर पुलिस ने संयुक्त रूप से दबिश दी और दोनों वाहनों की घेराबंदी की। एक वाहन में प्रवीण और दूसरे वाहन में लैपटॉप पर काम करते हुए पंकज कांति सेन को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे वाहन स्वामियों से निर्धारित सरकारी शुल्क से अधिक पैसे लेते है। जानकारी यह भी सामने आई है कि कुछ मामलों में निजी लैब से डुप्लीकेट आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस तैयार करवाकर लोगों को दिए गए है। एसटीएफ बरामद दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल है और अब तक कितने लोगों से वसूली की गई। फिलहाल वाहनों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया है।
