
पौड़ी
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के रिखणीखाल क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। किलवाड़ी के पास एक यात्री वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। प्रारंभिक सूचना के अनुसार, इस भीषण दुर्घटना में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि 3 से 4 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में अधिकांश महिलाएं शामिल हैं। स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार महिलाएं स्वयं सहायता समूह (SHG) में पंजीकरण कराने के उद्देश्य से जा रही थीं। इसी दौरान किलवाड़ी के समीप अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और गाड़ी सीधे गहरी खाई में समा गई।

दुर्घटनाग्रस्त वाहन बोलेरो या ईको बताया जा रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और पुलिस प्रशासन की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई। दुर्गम खाई होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। पुलिस द्वारा घायलों को खाई से निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाने के साथ-साथ दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल प्रशासन की ओर से मृतकों व घायलों की सटीक संख्या और वाहन के प्रकार की आधिकारिक पुष्टि होना शेष है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
